नमस्कार मध्यप्रदेश वॉइस न्यूज पोर्टल मे आपका स्वागत हैं, खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे  7489579303, 👉बैतूल जिले के हर तहसील में संवाददाता चाहिए। 📞 संपर्क करें।
सारनी पावर प्लांट: 342 करोड़ के ठेके में मजदूरों की जान से खिलवाड़, चिनार कंपनी की लापरवाही से क्रेन पलटी, बाल-बाल बचे कर्मचारी – Madhya Pradesh Voice

Madhya Pradesh Voice

Latest Online Breaking News

सारनी पावर प्लांट: 342 करोड़ के ठेके में मजदूरों की जान से खिलवाड़, चिनार कंपनी की लापरवाही से क्रेन पलटी, बाल-बाल बचे कर्मचारी


WhatsApp Icon

24/07/2026 12:23 AM Total Views: 441343

सारनी। सतपुड़ा ताप विद्युत गृह (सारनी) में 6 से 9 यूनिट के डिस्मेंटल (नष्ट करने) का काम कर रही कोलकाता की चिनार स्टील सेगमेंट सेंटर प्राइवेट लिमिटेड की घोर लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। 342 करोड़ रुपये का भारी-भरकम ठेका लेने वाली इस कंपनी के कामकाज में सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बुधवार को हुए एक ताजा हादसे ने साबित कर दिया है कि कंपनी के लिए मजदूरों की सुरक्षा से ज्यादा अपना टारगेट पूरा करना मायने रखता है।

बुधवार का हादसा: कीचड़ में बिना सपोर्ट के क्रेन का संचालन

बुधवार सुबह करीब 11 बजे डिस्मेंटल इकाई में डक्ट उठाते समय एक फराना क्रेन अचानक पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा सीधे तौर पर सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी का परिणाम था। क्रेन को कीचड़ और गीली जमीन पर बिना किसी सपोर्ट या ग्राउंड कंडीशन की जांच किए चलाया जा रहा था। गनीमत यह रही कि क्रेन के चालक और परिचालक इस जानलेवा हादसे में बाल-बाल बच गए, अन्यथा एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था।

ताजा खबरों को देखने के लिए , यहाँ क्लिक करके हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें

हादसे के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई। बाद में 2 पोकलेन, 2 हाइड्रा और एक अन्य साथी क्रेन की मदद से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन को सीधा किया जा सका।

Read Our Photo Story
यहाँ क्लिक करके हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

हादसों और मौतों को छिपाने का पुराना ट्रैक रिकॉर्ड

चिनार कंपनी के काम में यह कोई पहला हादसा नहीं है। कर्मचारियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब से कंपनी ने डिस्मेंटल का काम शुरू किया है, सुरक्षा नियमों को लगातार दरकिनार किया गया है। 17 अप्रैल 2026 को ग्राइंडर से कटिंग के दौरान सुरक्षा अभाव में रामप्रवेश नामक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था और फिर 12 मई 2026 को कंपनी की लापरवाही की हद तब पार हो गई जब एक मजदूर (अब्दुल रब) से हाई वोल्टेज का चालू केबल कटवाया गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों का गंभीर आरोप है कि इन दोनों हादसों में से एक घायल कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत भी हो चुकी है। कंपनी प्रबंधन पर आरोप है कि उसने इन दोनों ही घटनाओं को स्थानीय प्रबंधन, पुलिस प्रशासन और मीडिया से छिपाने का भरपूर प्रयास किया था। लगातार हो रहे हादसों के बाद भोपाल से आए एक सुरक्षा अधिकारी ने मौके का निरीक्षण कर काम को अस्थाई रूप से बंद भी करवाया था, लेकिन इसके बावजूद कंपनी की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आया।

मजदूरों का आक्रोश: “इंसान की जान की कोई कीमत नहीं”

इस प्रोजेक्ट में काम कर रहे मजदूरों में भारी आक्रोश है। उनका स्पष्ट कहना है कि 342 करोड़ का ठेका लेने वाली कंपनी मजदूरों की जिंदगी के साथ रूसी रूलेट खेल रही है। साइट पर खामियां साफ नजर आती हैं। काम के दौरान न तो पर्याप्त सुरक्षा उपकरण दिए जा रहे हैं। न ही भारी मशीनों के संचालन के लिए प्रशिक्षित ऑपरेटर मौजूद हैं। बारिश के मौसम में काम करने की कोई वैकल्पिक या सुरक्षित व्यवस्था नहीं की गई है।

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी का एकमात्र उद्देश्य किसी भी कीमत पर अपना टारगेट पूरा करना है, इंसान की जान की उनकी नजर में कोई कीमत नहीं है।

जवाबदेही से भागते अधिकारी और मजदूर यूनियनों की मांग

बुधवार के ताजा क्रेन हादसे के बाद जब प्लांट प्रबंधन और चिनार कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने चुप्पी साध ली और कोई भी आधिकारिक बयान देने से बचते नजर आए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मजदूर संगठनों ने कलेक्टर और प्लांट प्रबंधन से सख्त मांग की है। यूनियनों का कहना है कि सुरक्षा नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रही चिनार कंपनी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए और जब तक मजदूरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हो जाते, तब तक काम को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए। प्रशासन की अगली कार्रवाई पर अब सबकी निगाहें टिकी हैं।

इनका कहना है:—

2×250 मेगावाट के प्लांट में इस तरह की किसी भी क्रेन का उपयोग वर्तमान में नहीं हो रहा है।

डी पी मिश्रा, प्रवक्ता सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी

खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।


लाइव कैलेंडर

July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031