नमस्कार मध्यप्रदेश वॉइस न्यूज पोर्टल मे आपका स्वागत हैं, खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे  7489579303, 👉बैतूल जिले के हर तहसील में संवाददाता चाहिए। 📞 संपर्क करें।
मक्के के डंठल चराने का विवाद बना हत्या की वजह: बुजुर्ग महिला को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, आरोपी सलाखों के पीछे – Madhya Pradesh Voice

Madhya Pradesh Voice

Latest Online Breaking News

मक्के के डंठल चराने का विवाद बना हत्या की वजह: बुजुर्ग महिला को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, आरोपी सलाखों के पीछे


WhatsApp Icon

13/11/2026 9:51 PM Total Views: 505019

बोरदेही के ग्राम खजरी की सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

बैतूल/बोरदेही। जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरी में आपसी विवाद और रंजिश के चलते एक 59 वर्षीय बुजुर्ग महिला की चाकू गोदकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली से मक्के के डंठल चराने को लेकर उपजा विवाद इस कदर बढ़ा कि आरोपी ने बुजुर्ग महिला पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

क्या था विवाद का कारण?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खजरी निवासी मृतका इंदिरा यदुवंशी (उम्र 59 वर्ष) ने अपने पालतू पशुओं के चारे के लिए मक्के के डंठल काटकर अपने घर के पास ही रखे हुए थे। बीते 10 नवंबर को गांव के ही रहने वाले अरुण यदुवंशी (उम्र 35 वर्ष) ने अपनी भैंस को बिना पूछे उन्हीं मक्के के डंठलों को चरने के लिए वहां बांध दिया। जब इंदिरा यदुवंशी ने इस पर आपत्ति जताई और अपनी मेहनत से जुटाए चारे को खराब करने से मना किया, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते इस विवाद में अरुण यदुवंशी की पत्नी भी शामिल हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।

रंजिश के चलते शाम को किया जानलेवा हमला

इस मामूली विवाद के बाद अरुण यदुवंशी के मन में रंजिश बैठ गई। 11 नवंबर की शाम करीब 5 से 7 बजे के बीच, जब इंदिरा यदुवंशी अकेली थीं, तभी मौका पाकर आरोपी अरुण यदुवंशी वहां पहुंचा। उसने पुरानी खुन्नस निकालते हुए इंदिरा पर चाकू से ताबड़तोड़ कई जानलेवा वार कर दिए। इस हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

घटना की सूचना मिलते ही बोरदेही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात व संदिग्धों के खिलाफ हत्या (धारा 103 बीएनएस/संबद्ध धाराओं) का मामला दर्ज किया। बोरदेही थाना प्रभारी निरीक्षक बीएल उइके के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी अरुण यदुवंशी (35 वर्ष) को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है।
शुक्रवार 13 नवंबर को पुलिस ने आरोपी अरुण को न्यायालय में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। इस मामूली विवाद में एक बुजुर्ग महिला की जान जाने से पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।

खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।


लाइव कैलेंडर

November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30