नमस्कार मध्यप्रदेश वॉइस न्यूज पोर्टल मे आपका स्वागत हैं, खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे  7489579303, 👉बैतूल जिले के हर तहसील में संवाददाता चाहिए। 📞 संपर्क करें।
घोड़ाडोंगरी में नई CMO ज्योति सुनहरे का ‘एक्शन मोड’: कार्यभार संभालते ही अतिक्रमण पर प्रहार, कर्मचारियों की कसी नकेल – Madhya Pradesh Voice

Madhya Pradesh Voice

Latest Online Breaking News

घोड़ाडोंगरी में नई CMO ज्योति सुनहरे का ‘एक्शन मोड’: कार्यभार संभालते ही अतिक्रमण पर प्रहार, कर्मचारियों की कसी नकेल


WhatsApp Icon

10/05/2026 11:35 PM Total Views: 406643

सारणी/घोड़ाडोंगरी। नगर परिषद घोड़ाडोंगरी में नई मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) श्रीमती ज्योति सुनहरे ने पदभार ग्रहण करते ही अपने कड़े तेवर दिखा दिए हैं। कार्यभार संभालने के दूसरे ही दिन से मैडम पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रही हैं। उनकी इस त्वरित और सख्त कार्यप्रणाली ने जहां एक ओर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है, वहीं दूसरी ओर पूरे नगर में यह चर्चा का विषय बन गया है कि क्या घोड़ाडोंगरी में अब वास्तव में सुधार की बयार बहेगी?

अतिक्रमण पर चला डंडा, 24 घंटे का अल्टीमेटम

सीएमओ ज्योति सुनहरे ने दफ्तर में बैठने के बजाय सीधे ग्राउंड जीरो पर उतरने का फैसला किया। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर यात्री प्रतीक्षालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतीक्षालय के ठीक सामने लगी गुमटियों और पान ठेलों के कारण हो रही अव्यवस्था को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

ताजा खबरों को देखने के लिए , यहाँ क्लिक करके हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें

सीएमओ ने तत्काल प्रभाव से इन दुकानों को बंद कराकर वहां से हटाने के निर्देश दिए। संबंधित कर्मचारियों और दुकानदारों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने का सख्त आदेश दिया गया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि नगर की व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Read Our Photo Story
यहाँ क्लिक करके हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

जनसुविधाओं पर नजर: सुलभ शौचालय का कायाकल्प

अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सीएमओ ने जनसुविधाओं की बदहाली पर भी संज्ञान लिया। उन्होंने नगर के सुलभ शौचालय का बारीकी से निरीक्षण किया और उसकी जर्जर अवस्था को देखते हुए नगर परिषद के इंजीनियर को तत्काल रिपेयरिंग कर उसे आम जनता के लिए सुचारू रूप से शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक नए सुलभ शौचालय परिसर के निर्माण हेतु उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का भी आदेश दिया गया है।

कर्मचारियों के लिए नया फरमान: अब हर दिन लिखनी होगी ‘डायरी’

नगर परिषद के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी नई सीएमओ ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों की कार्यशैली और लेटलतीफी पर अंकुश लगाने के लिए एक नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत अब प्रत्येक कर्मचारी को रोजाना ‘डायरी मेंटेन’ करनी होगी। इस डायरी में उन्हें अपने दिनभर के कार्यों का विस्तृत उल्लेख करना होगा, जिसकी सीधी मॉनिटरिंग उच्चाधिकारियों द्वारा की जाएगी। इस फरमान के बाद से नगर परिषद के कर्मचारियों में खलबली मची हुई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, जनता की मिली-जुली प्रतिक्रिया

सीएमओ की इस पूरी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जतिन अहूजा की आईडी से जमकर वायरल हो रहा है। नगर की जनता मैडम की इस पहल की सराहना कर रही है और उम्मीद जता रही है कि उनके आने से नगर पालिका परिषद घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि यह केवल शुरुआत का ‘ट्रेलर’ है और कुछ दिनों बाद यह सख्ती ठंडी पड़ जाएगी।

कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस भी छिड़ गई है:

एक वीडियो पर कमेंट करते हुए दीपक विश्वकर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी, “ओए तू होती कौन है किसी की दुकान बंद करने वाली… इतनी हिम्मत है तो बड़े-बड़े लोगों को जो सिगरेट, पाउच, गुटखा बना रहे हैं, उनको बंद करवाओ। हीरोइन बनने का इतना शौक है, गरीबों को ही क्यों दबा रही हो? दम है तो शराब और बड़े माफियाओं पर कार्रवाई करके दिखाओ, या सिर्फ गरीब लोगों को ही परेशान करोगी?”

वहीं सागर शर्मा ने तंज कसते हुए लिखा, “एक ‘श्रीलंका’ घोड़ाडोंगरी में भी है, जहां से विकास का कोई नाता नहीं है… मैडम जी कभी वहां भी पधारिएगा।”

रूपेश भोरबंसी ने स्पष्ट तौर पर लिखा, “पुलिस चौकी से लेकर बस स्टैंड तक पूरा अतिक्रमण खत्म होना चाहिए, तब बात निष्पक्ष होगी।”

क्या वाकई में आएगा सुधार?

नगर पालिका परिषद घोड़ाडोंगरी में नई सीएमओ श्रीमती ज्योति सुनहरे के आते ही जिस तरह से व्यवस्थाओं को सुधारने का बेड़ा उठाया गया है, उससे उम्मीद की एक नई किरण जरूर जागी है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या यह ‘एक्शन मोड’ आने वाले समय में भी बरकरार रहता है और क्या सच में घोड़ाडोंगरी की तस्वीर बदल पाती है, या फिर आलोचकों की बातें सच साबित होती हैं। फिलहाल, पूरे नगर की निगाहें सीएमओ के अगले कदम पर टिकी हैं।

खबर में दी गई जानकारी और सूचना से क्या आप संतुष्ट हैं? अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।


लाइव कैलेंडर

May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031